बॉलीवुड इंडस्ट्री में 70 के दशक से अपनी खूबसूरती और अपने दमदार अभिनय का जलवा बिखेरने वाली अभिनेत्रियों में से शबाना आज़मी (Shabana Aazmi) का नाम हमेशा टॉप पर ही नजर आया है। शबाना आजमी ने अपने इतने लंबे करियर मे कई बड़े स्टार्स के साथ काम किया। इंडस्ट्री में शबाना के नाम के बिना शायद बॉलीवुड की कहानियों (Shabana Aazmi Films) को बयां करना मुश्किल होगा। यही वजह है कि शबाना आज़मी का नाम इंडस्ट्री में बड़े अदब से लिया जाता है।
शबाना आजमी का सफरनामा
71 साल की शबाना आजमी का जन्म 18 सितंबर 1950 को मशहूर शायर कैफी आज़मी के घर हुआ था। उनके भाई बाबा आजमी एक बड़े सिनेमैटोग्राफर है। शबाना ने अपने अब तक के सफर में 100 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। इनमें से उनकी कई फिल्में इंडस्ट्री के सुपरहिट फिल्म साबित हुई है, जिनके लिए उन्हें अवार्ड भी दिया गया है। शबाना आजमी ने अपनी फिल्म में अपने अभिनय के अलावा अपने बयानों से भी खासा सुर्खियां बटोरी है। शबाना की पर्सनल लाइफ किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है।
जब 30 रुपए के लिए करना पड़ा काम
एक बड़े घराने में जन्मी शबाना आजमी ने अच्छी तालीम हासिल की, लेकिन उसका ज्यादा फायदा उन्हें हुआ नहीं। दरअसल उनसे जुड़ा उनका एक ऐसा किस्सा उनकी मां शौकत आजमी की ऑटोबायोग्राफी ‘कैफी एंड आई मेमॉयर’ में भी दर्ज है। शबाना आजमी की मां शौकत आज़मी की ऑटो बायोग्राफी किताब में लिखा है कि- शबाना ने सीनियर कैंब्रिज में फर्स्ट डिवीजन हासिल किया था, लेकिन फिर भी उनको कॉलेज में एडमिशन लेने से पहले 3 महीने तक एक पेट्रोल स्टेशन पर ब्रू कॉफी बेचने का काम करना पड़ा था, जिसके लिए उन्हें ₹30 प्रतिदिन सैलरी मिलती थी। हालांकि उनकी मां को इस बात की जानकारी नहीं थी।
जब जावेद के प्यार में पड़ गई शबाना
शबाना आजमी के इन किस्सों के अलावा उनके लव अफेयर्स के किस्से भी काफी सुर्खियां बटोर चुके हैं, जिसका खुलासा शबाना आजमी ने एक इंटरव्यू के दौरान किया था। शबाना ने बताया था कि उन्होंने कई सालों तक बैंडिट क्वीन जैसी फिल्मों के डायरेक्टर शेखर कपूर को डेट किया था। इसके बाद उनकी जिंदगी में मशहूर गीतकार जावेद अख्तर की एंट्री हुई। शबाना आजमी जावेद अख्तर की लव स्टोरी एक पूरी फिल्म की कहानी जैसी लगती है।
शादीशुदा दो बच्चों के पिता के प्यार में परिवार से भीड़ गई शबाना
शबाना आजमी और जावेद अख्तर को अपने प्यार को मुकम्मल करने के लिए ना सिर्फ परिवार से लड़ना पड़ा, बल्कि कई कठिनाइयों को भी झेलना पड़ा। जावेद ने शबाना आजमी के परिवार को काफी लंबे समय तक मनाते रहे थे। दरअसल जावेद शबाना के पिता कैफी आज़मी से लिखने के गुण सीखने आया करते थे। इस दौरान दोनों की मुलाकात होने लगी और दोनों धीरे-धीरे एक दूसरे के प्यार में डूब गए। हालांकि शबाना का परिवार उनके इस रिश्ते के बिलकुल खिलाफ था और इसके पीछे की वजह थी जावेद अख्तर की पहली शादी और उनका दो बच्चों का पिता होना।
इसलिए उनका परिवार हमेशा से दोनों की शादी के खिलाफ था। साल 1984 में जावेद अख्तर और उनकी पत्नी हनी अख्तर का तलाक हो गया। इस तलाक के साथ ही शबाना आज़मी की उम्मीदें और भी बढ़ गई, क्योंकि उनका रास्ता साफ हो गया था। वहीं जावेद के तलाक के बाद शबाना का परिवार भी दोनों की शादी के लिए राजी हो गया और दोनों ने शादी कर ली। आज शबाना आज़मी और जावेद अख्तर के बच्चे नहीं है, लेकिन जावेद के पहले दो बच्चे फरहान और जोया अख्तर दोनों शबाना के साथ ही रहते हैं। शबाना की दोनों बच्चों के साथ काफी अच्छी बॉन्डिंग है।