काफी कम बजट में भी घूम सकते हैं भारत की ये खूबसूरत जगहें, मन मोह लेगी इसकी प्राकृतिक सुंदरता

Written by: Satish Rana | biharivoice.com • 17 फरवरी 2021, 12:09 अपराह्न

यह बात तो सबको पता है कि घूमने फिरने का शौक तो मजेदार है लेकिन यह हमारी जेब पर भी भारी पड़ जाता है। जो हमारे दुनिया घूमने के ख्वाब में अड़चन ला सकता है। लेकिन अगर आपको घूमने फिरने का चस्का लग ही गया है तो फिर एक जगह पर टिक पाना काफी मुश्किल है। भारत में कई ऐसे शहर हैं जहां पर आप कम बजट में घूमकर आनंद उठा सकते हैं। अगर आप भी कम खर्च में एक बेहतरीन जगह घूमने का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो इन जगहों पर एक बार जरूर जाएं।

औली

औली उत्तराखंड के चमोली जिले में हिमालय की पहाड़ियों पर स्थित एक बेहद ही खूबसूरत जगह है। औली को उत्तर भारत का ‘मिनी स्विजरलैंड’ भी कहा जाता है। सर्दी के मौसम में जब भी बर्फबारी होती है तो यहां पर चारों तरफ बर्फ की चादर ही नजर आती हैं। गढ़वाली में औली को औली बुग्याल यानी घास के मैदान के नाम से भी जाना जाता है। यहां की सुंदरता देखने के लिए देश ही नहीं बल्कि विदेश से भी पर्यटक आते हैं और यहां के नजारे का लुत्फ उठाते हैं। आपको बता दें देश की राजधानी दिल्ली से औली पहुंचने में तकरीबन 14 घंटे का समय लगता है। यहां आप 10,000 तक के बजट में आराम से घूम सकते हैं। यहां कम बजट में होटल भी मिलता है।

ऋषिकेश

ऋषिकेश भारत के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक है। हर साल यहां लाखों की संख्या में पर्यटक प्राकृतिक खूबसूरती देखने के लिए आते हैं। हिमालय की निचली पहाड़ियों और प्राकृतिक सुंदरता से घिरे ऋषिकेश को केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और बद्रीनाथ का प्रवेश द्वार भी माना जाता है। यहां की गंगा आरती देखने लायक होती है। आपको बता दें कि समुद्र तल से करीब 13 से 60 फीट की ऊंचाई पर ऋषिकेश स्थित है। कई ऐसी कंपनियां हैं जो कि 4000 से 5000 में ऋषिकेश की यात्रा करवाती है।

तवांग

अरुणाचल प्रदेश में समुद्र तल से करीब 2669 मीटर की ऊंचाई पर तवांग स्थित है। तवांग अरुणाचल प्रदेश का एक प्राचीन पर्यटन स्थल है। यहां प्रकृति के अद्भुत नजारे देखने को मिलते हैं। यहां पर्वतों पर कई टेढ़े- मेढ़े पहाड़ी रास्ते रोमांचकारी यात्रा का अनुभव कराते हैं। यहां पर हर साल पर्यटकों का आना जाना लगा रहता है। आपको बता दें कि तवांग घूमने के लिए आपको जेब ज्यादा ढीली नहीं करनी पड़ेगी। यहां पर हर चीज सस्ते में उपलब्ध है

मसूरी

मसूरी कौन नहीं जाना चाहता होगा। उत्तराखंड में स्थित इस खूबसूरत जगह को ‘हिल स्टेशन’ के नाम से भी जाना जाता है। इसे ‘पर्वतों की रानी’ भी कहा जाता है। यहां पर लोग बार-बार आना चाहते हैं। दिसंबर और जनवरी के महीने में जमकर बर्फबारी होती है। मसूरी में देश-विदेश से पर्यटक आते हैं और यहां पर ऊंची पहाड़ियों का लुत्फ उठाते हैं। अगर आपकी जेब में 10,000 हैं तो भी आप यहां पर आराम से घूम सकते हैं। आपको बता दें कि उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से करीब 35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित मसूरी भारत की खूबसूरत जगहों में से एक है।

About the Author :