बिहार में दाल की खेती करने वाले किसानों के लिए अच्छी खबर है। राज्य में पहली बार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर दाल की खरीद शुरू की गई है। सरकार के तरफ से दाल की खरीद के लिए एक महीने का समय निर्धारित किया गया है। राज्य के अलग अलग जगहों पर दाल खरीद के लिए सेंटर खोले गये हैं। दाल के खरीद की जिम्मेदारी राज्य खाद्य निगम को दी गई है। राज्य सरकार की ओर से चना और मसूर की दाल की खरीदारी की जायेगी।
सरकार ने पहली बार दलहन की खरीदारी शुरू की है। माना जा रहा है कि सरकार के इस फैसले के बाद किसानों को बड़ा फायदा मिलेगा। बिहार सरकार ने दाल के खरीद के लिए किसानों को 5100 रु समर्थन मूल्य की घोषणा की है। राज्य सरकार ने अनुमंडल स्तर पर दाल क्रय केंद्र का निर्माण कराया है। आपको बता दें कि पहले यह जिला स्तर पर शुरू किया जाना था लेकिन किसानों की सहूलियत को देखते हुए अनुमंडल स्तर पर ही केंद्र बनाने का फैसला लिया गया।
सरकार ने दाल की खरीद के लिए अलग-अलग लक्ष्य तय कर दिया है।खाद्य और उपभोक्ता मंत्री लेसी सिंह ने ने बताया कि इस साल चना दाल की खरीद एक लाख 43 हजार 500 क्विंटल होगी। वहीँ मसूर दाल की खरीद तीन लाख 21 हजार 500 क्विंटल होगी। दाल की खरीदी आज यानी गुरुवार 15 अप्रैल से शुरू हो रही है वही दाल की खरीदारी की अंतिम तिथि 15 मई को रखी गयी है.
यहा कराना होगा रजिस्ट्रेशन
बताते चलें कि दाल की बिक्री के लिए सबसे पहले किसानों को अपना रजिस्ट्रेशन कराना होगा। किसान नेफेड के साइट पर जाकर ई समृद्धि में अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे जिसके बाद किसान उसी दिन अपनी दाल बेच सकते हैं। पूरी दाल एसएफसी खरीदेगा पर उसका कुछ हिस्सा नेफेड का भी होगा। सरकार का यह अहम फैसला दलहन की खेती करने वाले किसानों के लिए फायदेमंद होने वाला है।















