क्या अब उपेंद्र कुशवाहा बनेगें JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष? इसपर उपेंद्र कुशवाहा ने ये कहा!

बुधवार को हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद बिहार में भी राजनीति चर्चा बढ़ गई है। दरअसल बिहार विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पार्टी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद आरसीपी सिंह को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया था। आरसीपी सिंह अब मोदी के केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हो गए हैं। ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि उपेंद्र कुशवाहा जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकते हैं।

आपको बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उपेंद्र कुशवाहा ने ओवैसी से गठबंधन कर कर चुनाव लड़ा था। लेकिन विधानसभा चुनाव में करारी हार मिलने के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने अपनी पार्टी का विलय जेडीयू में कर लिया। केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने के बाद आरसीपी सिंह के पास संगठन को मजबूत करने के लिए उतना समय नहीं मिल पाएगा जितना उपेंद्र कुशवाहा के पास है। उपेंद्र कुशवाहा जेडीयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष भी हैं ऐसे में उपेंद्र कुशवाहा को जेडीयू का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जा सकता है।

टाल गए सवाल

मीडिया ने उपेंद्र कुशवाहा से इस बारे में सवाल पूछा तो उन्होंने कहा कि अभी तो राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी नहीं है फिर इस बात की चर्चा क्यों हो रही है? हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि JDU को बनाने में मेरा भी खून पसीना लगा था और अब पूरी ताकत लगी हुई है। आगे भी लगा दूंगा। उपेंद्र कुशवाहा ने बताया कि पार्टी को मजबूत करने के लिए वह 10 जुलाई से बिहार के सभी जिलों की यात्रा शुरू करेंगे। इस दौरान वो प्रवास पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के कामों और विचारधारा को जनता के बीच पहुंचाना है इसी को लेकर वह यात्रा करेंगे।

Share on