बिहार से झारखंड जाना होगा आसान, सोन नदी पर पुल बनाने के लिए 200 करोड़ का टेंडर हुआ जारी

झारखंड को बिहार से जोड़ने के लिए सोन नदी पर पुल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। इस पुल निर्माण में 200 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। बिहार सरकार की तरफ से इसकी घोषणा कर दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, सोन नदी पर बनने वाला यह पुल गढ़वा के श्रीनगर और रोहतास के नौहट्टा को जोड़ेगा। इस पुल निर्माण के लिए 2 साल का समय निर्धारित किया गया है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की ओर से इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिया गया है। गौरतलब है कि सोन नदी पर पुल बन जाने से बिहार और झारखंड के लोगों को अपने राज्य से दूसरे राज्‍य जाने में काफी सहूलियत होगी। काफी लंबे अरसे से लोग श्रीनगर-पंडुका पुल का इंतज़ार कर रहे हैं।

इस साल के शुरुआती महीने में ही बिहार और झारखंड को जोड़ने वाले श्रीनगर-पंडुका पुल निर्माण के लिए केंद्रीय परिवहन मंत्रालय की तरफ से मंजूरी प्रदान कर दी गई थी। अब ब‍िहार सरकार ने पुल निर्माण के लिए टेंडर भी निकाल दिया है। बता दें कि इस पुल के बन जाने के बाद गढ़वा से बिहार जाना या फिर बिहार से गढ़वा आना काफी आसान हो जाएगा।सोन नदी पर पुल का निर्माण गढ़वा के कांडी प्रखंड के श्रीनगर से बिहार के रोहतास जिले के नौहट्टा प्रखंड के पांडुका के बीच किया जाएगा।

कई वर्षो से है पुल निर्माण की मांग

मालूम हो कि डेहरी ऑन सोन के बाद तकरीबन 100 किलोमीटर तक सोन नदी पर पुल नहीं है। जिसके कारण लोगों को वाहन से पुल पार करने के लिए डेहरी जाना पड़ता है। बड़ी संख्या में लोग नाव से भी सोन नदी पार करते हैं। बारिश के मौसम में नाव से सोन नदी पार करना बहुत ही जोखिम भरा होता है। पंडुका में पुल निर्माण से स्‍थानीय लोगों को काफी सहूलियत होगी। इन पंडुका पुल निर्माण के लिए 2010 से ही संघर्ष चल रहा है। रोहतास और झारखंड के गढ़वा के जनप्रतिनिधि द्वारा पिछले कई वर्षो से लगातार पुल निर्माण की मांग की जाती रही है। ऐसे में पुल पर निर्माण शुरू होने वाला है तो श्रेय लेने की होड़ मच गई है।

Manish Kumar