पूर्व पार्टी की महिला सदस्य ने लोजपा सांसद प्रिंस राज पर दर्ज किया बलात्कार का केस, FIR में चिराग पासवान का भी नाम

बिहार के समस्तीपुर से लोजपा के सांसद प्रिंस राज के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने संगीन आपराधिक मामला दर्ज किया है। लगभग तीन महीने पूर्व ही एक महिला ने उन पर बलात्कार, आपराधिक साज़िश रचने और साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया था, महिला द्वारा दर्ज शिकायत के आधार पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन में प्रिंस राज के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

इस FIR में लोजपा नेता चिराग पासवान का भी नाम होने की बात सामने आ रही है। महिला ने चिराग पासवान पर आरोप लगाया है कि शिकायत मिलने के बावजूद भी अपने चचेरे भाई प्रिंस के खिलाफ कार्रवाई में देरी की। दिल्ली की एक अदालत के निर्देश पर पुलिस द्वारा 9 सितंबर को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई। बता दें कि दिवंगत सांसद रामचंद्र पासवान के पुत्र प्रिंस उन 5 लोजपा सांसदों में एक हैं, जिन्होंने इस साल जून में चिराग के नेतृत्व के खिलाफ पार्टी में बगावत की थी।

प्रिंस राज के द्वारा 10 फरवरी को शिकायतकर्ता के खिलाफ एक्सटॉर्शन का FIR दर्ज कराया गया जिसमें उनके द्वारा कहा गया था कि “मुझे पता चला है कि एक महिला ने मुझ पर कुछ आरोप लगाए हैं। हमने 10 फरवरी को ही शिकायत दर्ज की थी और पुलिस के सामने सभी सबूत पेश किए थे।” लोजपा सांसद प्रिंस राज ने 17 जून को इस सम्बन्ध में एक ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने महिला के आरोपों का खंडन किया था। उन्होंने शिकायतकर्ता महिला के सभी आरोपों को मनगढंत और उनके प्रोफेशनल करियर के खिलाफ आपराधिक साज़िश का हिस्सा करार दिया था।

महिला ने अपनी आपबीती में क्या बताया

शिकायतकर्ता की ओर से पेश एडवोकेट सुदेश कुमारी जेठवा ने कहा कि, उन्होने मई में ही दिल्ली पुलिस मे शिकायत दर्ज कराई थी और जुलाई में दिल्ली कोर्ट के समक्ष अर्जी दायर की थी। कोर्ट ने सांसद प्रिंस राज एवं उनके चचेरे भाई चिराग पासवान के खिलाफ FIR दर्ज करने का निर्देश दिया है। बता दे कि शिकायतकर्ता लोजपा की पूर्व पदाधिकारी रही है। महिला ने अपनी शिकायत में कहा कि पहली बार वह प्रिंस से पार्टी ऑफिस में मिली थी और उसके बाद से लगातार सम्पर्क में थी। एक दिन प्रिंस ने उन्हें एक ग्लास पानी दिया, जिसे पीने के बाद वह अचेत हो गई।

महिला ने सांसद प्रिंस राज पर आरोप लगाते हुए दर्ज शिकायत में कहा है कि “जब मुझे होश आया तो उन्होंने कहा कि मैं अस्वस्थ हो गई थी, जब मैंने बाद में बार-बार घटना के बारे में पूछा तो एक दिन उन्होंने मुझे खुद के द्वारा रिकॉर्डेड वीडियो दिखाया, जिसमें प्रिंस मुझसे शारीरिक संबंध बना रहे थे और इसका खयाल रख रहे थे कि उनका चेहरा वीडियो में न दिखे। प्रिंस ने मुझसे शादी का प्रस्ताव भी रखा और धमकी दी कि यदि बात नहीं मानी तो वह वीडियो को ऑनलाइन वायरल कर देंगे.”

शिकायतकर्ता का कहना है कि घटना के बाद वह काफी डर गई थीं। इसके बाद प्रिंस उसके घर पर शारीरिक संबंध के लिए बार-बार आने लगे, जिसकी जानकारी उन्होंने चिराग पासवान को भी दी। 15 जनवरी को चिराग से मिलने के बाद उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज न करने और इसे सुलझा लेने की बात की थी। पीड़िता के मुताबिक ‘जब मैंने फरवरी में पार्टी छोड़ दी उसके बाद प्रिंस ने मेरे खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी।’

Manish Kumar