पूर्व जेडीयू MLC विनोद चौधरी का निधन, बेटी पुष्पम प्रिया चौधरी के लिए नीतीश कुमार से की थी बगावत

JDU MLC Vinod Chaudhary Death: जेडीयू के पूर्व एमएलसी विनोद चौधरी का आज निधन हो गया। एक दौर में राजनीति की दुनिया में विनोद चौधरी को नीतीश कुमार का करीबी माना जाता था। साल 2008 में जनता दल यूनाइटेड की ओर से विनोद चौधरी को विधान परिषद सदस्य के पद पर नियुक्त किया गया था। हालांकि नीतीश कुमार के साथ उनके रिश्ते उस वक्त बिगड़ने शुरू हो गए, जब उनकी बेटी ने राजनीति की दुनिया में कदम रखा। बता दें राजनीति की दुनिया में कदम रखने के बाद उनकी बेटी पुष्पम प्रिया चौधरी ने प्लूरल्स पार्टी खड़ी की। ऐसे में अपनी बेटी के पॉलिटिकल कैरियर के मोह में विनोद चौधरी न सिर्फ नीतीश कुमार से बगावत कर बैठे थे, बल्कि उन्होंने पार्टी का साथ भी छोड़ दिया था।

कभी नीतीश कुमार के करीबी थे विनोद चौधरी

राजनीति की दुनिया में एक दौर ऐसा भी था जब विनोद चौधरी नीतीश कुमार के बेहद करीबी माने जाते थे। उनका पूरा परिवार राजनीति की दुनिया से जुड़ा हुआ है। विनोद चौधरी के बड़े भाई डॉक्टर विनय चौधरी अजय दरभंगा बेनीपुर से विधायक हैं। वहीं उनके पिता प्रोफ़ेसर उमाकांत चौधरी भी बीजेपी के दिग्गज नेताओं में से एक थे। उन्हें लोग उमा बाबू के नाम से बुलाया करते थे। पिता की राजनीतिक विरासत का फायदा उन्हें भी मिला और वह भी राजनीति की दुनिया में बड़ा नाम बन गए।

बेटी के लिए की सीएम नीतीश कुमार से की बगावत

विनोद चौधरी साल 2022 में अपनी बेटी पुष्पम प्रिया चौधरी को लेकर खासा चर्चा में रहे थे। इस दौरान बेटी के राजनीतिक कैरियर के मोह में उन्होंने अपने राजनीतिक विश्वस्त और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से बगावत तक कर दी थी। पुष्पम प्रिया चौधरी ने साल 2022 के पहले प्लूरल्स पार्टी नाम से राजनीतिक दल का गठन किया और खुद को मुख्यमंत्री कैंडिडेट भी घोषित कर दिया था।

इस दौरान पुष्पम प्रिया चौधरी ने पूरे राज्य में बेहद अलग अंदाज में अपना प्रचार-प्रसार भी किया। हालांकि इस प्रचार-प्रसार का उन्हें फायदा नहीं मिला, लेकिन विनोद चौधरी ने अपनी बेटी का पक्ष लेते हुए अपनी ही पार्टी जनता दल यूनाइटेड से बगावत जरूर कर ली थी। इस दौरान उन्होंने कहा था कि बेटी का फैसला अपना है। वह पढ़ी-लिखी है और अपने हक में फैसले ले सकती है। मैं उसका विरोध नहीं कर सकता। फिलहाल विनोद चौधरी के निधन से पूरे दरभंगा में शोक की लहर है। राजनीतिक जगत के कई दिग्गज उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

ये भी पढ़ें- काफी मॉडर्न हैं लंदन रिटर्न पुष्पम प्रिया चौधरी का मेनिफिस्टो, अगर सत्ता मे आयी तो बदल जाएगा बिहार!

Kavita Tiwari