पटना के गांधी मैदान में आम आदमी के आने-जाने पर रोक, प्रशासन ने लिया बड़ा फैसला, जानें वजह

बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। खबर के मुताबिक 8 से 10 जुलाई तक के लिए गांधी मैदान को बंद रखने का फैसला किया गया है, जिससे लोगों को आवागमन में खासा परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। गौरतलब है कि इस दौरान गांधी मैदान में आम जनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। राजधानी के लोग गांधी मैदान में ना तो सुबह के समय, ना ही शाम के समय वॉक पर जा सकेंगे। इसके साथ ही गांधी मैदान में आराम करने वाले आम लोगों को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। बता दें कि राजधानी आने वाले हजारों लोगों और पटना वासियों के लिए गांधी मैदान खुले विश्रामालय की तरह है। भागदौड़ से थक चुके लोग अक्सर ही यहां आराम फरमाने के लिए आते हैं। नए फैसले के बाद आम लोगों को गांधी मैदान में तीन दिनों तक प्रवेश नहीं मिलेगा।

इस वजह से किया गया बंद 

बता दें कि 9 और 10 जुलाई को मुस्लिम समुदाय का बकरीद पर्व है।‌ इसको देखते हुए स्थानीय प्रशासन अभी से ही सुरक्षा की व्यापक तैयारियों में लगा हुआ है। पुलिस व प्रशासन सभी संवेदनशील जगहों पर नजरें गड़ाए हुए हैं। ऐसे जगहों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा के लिहाज से गांधी मैदान में आम जनों के एंट्री पर बैन लगा दिया गया है। पुलिस प्रशासन ने फैसला लिया है कि 8 से 10 जुलाई तक गांधी मैदान आम लोगों के लिए बंद रहेगा। इस दौरान गांधी मैदान में आने-जाने पर पूरी पाबंदी होगी। बकरीद के दिन गांधी मैदान में नमाज पढ़ी जाएगी, जिसको लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

बकरीद पर्व पर पटना में विभिन्न जगहों पर भीड़ एकत्रित होती है। इस दौरान किसी तरह की अनहोनी ना हो इसको लेकर प्रशासन गंभीर है, और सुरक्षा के व्यापक व्यवस्था किए गए हैं। विशेष रूप से संवेदनशील जगहों को चिन्हित कर खास इंतजाम किए गए हैं। इस बीच, डीएम और पुलिस कप्तान ने आदेश दिया है कि संवेदनशील जगह पर विशेष नजर रखी जाए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की समस्या ना हो। बकरीद पर्व के दौरान पुलिस को विशेष रूप से सतर्क रहने को कहा गया है।

Share on