बिहार में 18 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों का प्रमोशन, क्या सैलरी भी बढ़ जायेगी?

Bihar News: लंबे समय से प्रमोशन की राह देख रहे 11,000 पुलिसकर्मियों को पुलिस मुख्यालय के निर्देश के बाद फाइनली उच्च पदों का पदभार सौंप दिया गया है। इसमें सहायक अवर निरीक्षक से लेकर पुलिस निरीक्षक के पद शामिल है। इसी के साथ कुल 18,553 पदों में पुलिस निरीक्षक से पुलिस उपाधीक्षक तक के कर्मियों का प्रमोशन प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय ने गृह विभाग को भेजा था, जिस पर गृह विभाग ने सहमति की मोहर लगा दी है। वहीं गुरुवार को एडीजी पुलिस मुख्यालय जितेंद्र सिंह गंगवार ने इस खुशखबरी को साझा किया, और बताया कि इस कार्यकारी प्रभार के कारण राज्य सरकार के राजस्व पर अतिरिक्त प्रभाव नहीं पड़ेगा।

नई जिम्मेदारियां संभालेगी बिहार पुलिसकर्मी

इस दौरान उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस पदाधिकारी की आवश्यकता अनुसार अनुसंधान विधि व्यवस्था संधारण अपराध नियंत्रण एवं यातायात संचालक आदि में उनकी नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही बिहार पुलिस को हाल ही में कई नई जिम्मेदारियां भी सौंप गई है, जैसे डायल 112 सेवा, महिला हेल्पलाइन डेक्स, साइबर थाना और स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत यातायात संचालक आदि जिम्मेदारियां का कार्यभार भी अब बिहार पुलिस ही संभालेगी। इसके लिए पुलिस पदाधिकारी की वर्तमान में उपलब्धता पर्याप्त नहीं है।

उन्होंने कहा अधिकारियों की उपलब्धता पर्याप्त न होने के कारण कार्य हितों में बिहार पुलिस पदाधिकारी संवर्ग के सहायक अवर निरीक्षक, पुलिस अवर निरीक्षक, पुलिस निरीक्षक एवं पुलिस उपाध्यक्ष के उच्च पदों का प्रभाव सौंपने का फैसला गृह विभाग द्वारा बुधवार को दिए गए निर्देशों के तहत लिया गया है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि इस प्रमोशन का असर राज्य सरकार के राजस्व पर नहीं पड़ेगा, जिसका सीधे तौर पर मतलब है कि प्रमोशन के बावजूद फिलहाल किसी की सैलरी में बढ़ोतरी नहीं होगी।

Share on