Bihar Weather Update: बिहार में ठंड में होगा और इजाफा, आसमान साफ होते ही चलेगी शीतलहर

Bihar Weather Update: मौसम विभाग ने बताया कि बिहार में अभी और ठंड पड़ने के आसार हैं। अगले 24 से 72 घंटे के बीच शीतलहर चलने और कोल्ड डे की सम्भावना जताई गई है। शनिवार की तुलना में रविवार को अधिकतम तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

ठंड में हार्ट के मरीजों पर बढ़ा खतरा, दो की मौत

गोपालगंज में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जो हार्ट के मरीजों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। पिछले 24 घंटे में हार्ट के दो मरीजों की मौत हो गयी। अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ एसके गुप्ता बताते हैं कि तापमान में गिरावट के कारण हृदय और सांस के रोगियों की संख्या बढ़ी है। हृदय के मरीजों और साँस की समस्या से गुजर रहे मरीजों को खास सावधानी बरतने की जरूरत है।

बढ़ी कनकनी, गरम कपड़े में भी लोग ठिठुरे

पछुआ हवा चलने के कारण रविवार को कनकनी काफी बढ़ गयी, गरम कपड़े में भी लोग ठिठुरते रहे। घर से बाहर निकलने वाले लोग ठंड से बचाव के लिए जगह-जगह अलाव तापते रहे। घरों में भी लोग हीटर, ब्लोअर का इस्तेमाल कर रहे हैं। पछुआ हवा से न्यूनतम व अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की गई है। रविवार की सुबह आसमान में कोहरा व धुंध के कारण कनकनी बढ़ी रही, जबकि दोपहर में धूप निकली, लेकिन ठंडी हवा की वजह धूप का असर नहीं दिखा।

ट्रेनों पर पड़ा कोहरे का असर

कोहरा छाये रहने की वजह से ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हो रही है, ट्रेनें विलंब के साथ परिचालित की जा रही है। रविवार को नयी दिल्ली से पटना आनेवाली ट्रेन मगध एक्सप्रेस आठ घंटे देरी के साथ पटना पहुंची, तो वहीं आनंद विहार से आनेवाली विक्रमशिला तीन घंटे विलम्ब से पँहुची। इसके अलावा राजधानी एक्सप्रेस ढाई घंटे और संपूर्ण क्रांति दो घंटे 50 मिनट विलम्ब से गन्तव्य तक पँहुची। दानापुर आनेवाली जनसाधारण ट्रेन 55 मिनट लेट से पँहुची।

whatsapp channel

google news

 

बिहार में जल्द ही दस्तक देगी शीतलहर

मौसम विभाग पटना के क्षेत्रीय ऑफिसर विवेक सिन्हा ने बताया कि बिहार में जल्द ही शीतलहर पड़ने की भी आशंका है। पछुआ हवा लगातार जोर पकड़ रही है, इस कारण ठण्ड अभी और बढ़ेगी। अतः लोगों से अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखने को कहा गया है।

बिहार के गंगा के मैदानी इलाके में तेजी से ठंड बढ़ेगी

गंगा के मैदानी इलाके में तेजी से ठंड बढ़ने की आशन्का है। रविवार की शाम से पछुआ और पछुआ-उत्तर हवा चलने लगी है। इस कारण हिमालय के तराई इलाके और उसके ऊपर इलाके की ठंडक मैदानी क्षेत्रों की तरफ मुड़ जाएगी। इस कारण ठंड के जोर पड़ने की सम्भावना है। पटना का अधिकतम तापमान इन दिनों सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है, जबकि रात का तापमान सामान्य से चार डिग्री ऊपर है। पटना सहित प्रदेश के ज्यादातर जिलों में रविवार को आधे दिन के बाद सूरज निकला, जिससे ठंड से थोड़ी राहत महसूस हुई।

बिहार में तेजी से गिरेगा पारा

गया और पूर्णिया में उच्चतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम और भागलपुर में उच्चतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम दर्ज किया गया है। रात का तापमान तीन-चार डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। भागलपुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम होकर 10.5 डिग्री सेल्सियस है। अन्य दिनों की तुलना में यहां न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गयी है।

Share on