bihar weather update: अगले 72 घंटे इन पांच जिलों में होगी जमकर बारिश, दिखने लगा मानसून का असर

bihar weather update: बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून के चलते आने वाले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में मौनसून लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई है। राज्य के विभिन्न जिलों में बादल छाए रहने से मानसून के आने का संकेत प्राप्त हो रहा है। राज्य भर में 72 घंटों के लिए मौसम विभाग केंद्र ने येलो अलर्ट जारी कर कहा है कि प्रदेश के कई भागों में आंधी-पानी के साथ ही वज्रपात और गरज होगी। लिहाजा लोगों को सुरक्षित जगहों पर रहने को कहा गया है। वहीं, सीमांचल के कटिहार, सुपौल, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जिलों में ‌बारिश के साथ ही अतिवृष्टि को लेकर 48 घंटों के लिए अलर्ट जारी किया है। राजधानी पटना में गुरुवार के दिन बिजली चमकने के साथ ही बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।

कैसा है पटना का हाल 

पटना में बुधवार के दिन सुबह से ही गर्मी रही दोपहर के बाद मौसम में बदलाव देखा गया। पटना का अधिकतम पारा सामान्य से 5 डिग्री ऊपर चढ़ने के साथ ही 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य का सबसे गर्म जगह बक्सर रहा, यहां का अधिकतम पारा 45 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को बक्सर और पटना लू की चपेट में रहा। मौसम विज्ञान केंद्र के द्वारा दोपहर बाद राज्य के पटना, गोपालगंज, अरवल, जहानाबाद, नवादा, रोहतास, नालंदा, औरंगाबाद, लखीसराय, सिवान, मुजफ्फरपुर,पूर्वी चंपारण, मुंगेर बेगूसराय के लिए औरंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। बादल छाए रहने के साथ ही इन जिलों में बारिश होने के आसार है।

राज्य के कई जगहों पर पिछले 24 घंटो में बादल छाए रहे। सबसे ज्यादा बारिश पूर्णिया जिले के अमौर में 58.6 मिमी रिकॉर्ड की गई रहे। पूर्णिया के अमौर में सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज की गई। वहीं, अररिया में 56 मिमी, अररिया के फारबिसगंज में 53.3 मिमी, किशनगंज के चरघरिया में 53.4 मिमी, सुपौल के त्रिवेणीगंज में 39.2 मिमी, किशनगंज के गलगलिया में 46.6 मिमी, मधुबनी के फुलपरास में 20 मिमी, सौलीघाट में 7 मिमी, निर्मली में 34 मिमी, बहादुरगंज में 8.2 मिमी जबकि किशनगंज में 32.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

ऐसा रहा बुधवार का दिन 

बुधवार को गया, नवादा, बक्सर, वैशाली, जमुई, नालंदा, समस्तीपुर, बांका बेगूसराय में अधिकतम पारा में क्रमिक गिरावट रिकॉर्ड की गई। जबकि सहरसा, मुजफ्फरपुर, खगडिय़ा, दरभंगा, कटिहार और भागलपुर के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। बक्सर का तापमान 45 डिग्री, गया का 40.5 डिग्री, नवादा का 40.2 डिग्री, नालंदा का 41.1 डिग्री, वैशाली का 38.5 डिग्री, जमुई का 40.2 डिग्री एवं समस्तीपुर का 36.4 डिग्री पारा रिकॉर्ड किया गया।

Share on