बिहार: कांग्रेस पार्टी मे शामिल होंगे JNU वाले कन्हैया कुमार? बिहार में मिल सकती है बड़ी जिम्मेवारी

बिहार के बेहद चर्चित युवा नेता और जेएनयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। जनाकारी के मुताबिक लगातार कन्हैया कुमार और कांग्रेस आलाकमान के बीच बातचीत की जा रही है। बता दें कि कन्हैया कुमार छात्र राजनीति के बाद कम्युनिष्ट पार्टी ऑफ इंडिया के टिकट पर बेगूसराय सीट से चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। कांग्रेस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कन्हैया कुमार लगातार पार्टी नेताओं के संपर्क में हैं और कांग्रेस के सर्वोसर्वा राहुल गांधी से भी उनकी बातचीत जारी है। खबरों के मुताबिक जल्द ही कन्हैया कुमार कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी जेएनयू छात्र संघ के दो पूर्व अध्यक्ष कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।

संदीप सिंह और मोहित पांडेय थाम चुके हैं कांग्रेस का दामन

कन्हैया कुमार से पहले जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष संदीप सिंह और मोहित पांडेय कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं। संदीप सिंह प्रियंका गांधी के राजनीतिक सलाहकार हैं, तो वहीं मोहित पांडे यूपी कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग का अध्यक्ष हैं। पार्टी के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस अभी से 2024 लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए बिहार में संगठन को मजबूत करने मे लग गई है। कहा जा रहा है कि यदि कन्हैया कुमार कांग्रेस की सदस्यता लेते हैं तो उन्हें बिहार कांग्रेस में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। दर असल सौंपी जाने वाली महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर ही बातचीत की जा रही है।

राहुल गांधी द्वारा दिए थे नए लोगों को जोड़ने के संकेत-

कुछ दिनों पहले ही युवा कांग्रेस की एक बैठक में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने नए लोगों को कांग्रेस से जोड़ने के संकेत दिए थे। उन्होने कहा था कि ऐसे लोग जो बीजेपी से नहीं डरते, उन सभी को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने का काम करिये। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि जिन्हें बीजेपी से लड़ाई लड़ने में दिक्कत खो रही, पार्टी से जाने का रास्ता उनके लिए खुला है।

Share on