Special Women Help desk In Bihar Police Station: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को राज्य की महिलाओं को एक बड़ी सौगात दी है। इस कड़ी में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 500 थानों में एक साथ महिला हेल्प डेस्क की सुविधा शुरू की। इसके साथ ही बिहार पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट के अपडेट वर्जन का भी उद्घाटन किया और इसके साथ ही सोशल मीडिया सेंटर की भी शुरुआत की।
गौरतलब है कि महिला हेल्प डेस्क को महिला पुलिस पदाधिकारी एवं महिला कर्मियों द्वारा ही संचालित किया जाएगा, ताकि पीड़ित महिलाएं उनके साथ बात करने में कंफर्टेबल हो और वह अपनी सभी बातों को आसानी से रख सके। बता दे शुरुआती चरण में 500 थानों में महिला हेल्प डेस्क की सुविधा शुरू की गई है। जल्द ही इसका विस्तार पूरे राज्य में किया जाएगा।

सोशल मीडिया सेंटर वेबसाइट का भी हुआ शुभारंभ
इस कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों द्वारा साझा जानकारी में बताया गया कि बिहार पुलिस की वेबसाइट को यूजर फ्रेंडली बनाया गया है। स्क्रीन रीडर की सुविधा भी दृष्टिहीन के लिए की गई है। वह इसके कंटेंट को सुन सकते हैं। इस वेबसाइट में सिटीजन सर्विस होने से आम व्यक्ति अपनी प्राथमिकी गुमशुदा व्यक्ति आदि के संबंध में जानकारी भी ले सकते हैं। साथ ही इसमें जिले के तमाम पुलिस अधिकारियों के नंबर भी अपडेट किए गए हैं।

सोशल मीडिया केंद्र की शुरुआत करने का एकमात्र उद्देश्य आम लोगों को जल्द से जल्द न्याय दिलाना एवं उनके केस से जुड़ी सटीक जानकारी उनके लिए उपलब्ध कराना है, ताकि वह अफवाहों और भ्रामक खबरों का खंडन कर सके। इसके अलावा इसका खास उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित माहौल मुहैया करना है। बता दे पुलिस थानों और ऑनलाइन तौर पर शुरु की गई ये सुविधाएं हफ्ते के सातों दिन और 24 घंटे सोशल मीडिया सर्विस लोगों के लिए उपलब्ध होगी। इसके लिए खास तौर पर प्रतिनियुक्ति कर्मियों को प्रशिक्षित भी किया गया है।















