बिहार: पाइप के जरिये राजगीर मे एकत्र हो रहा गंगा नदी का पानी, video मे देखें ये मनोरम दृश्य

Written by: Kavita Tiwari | biharivoice.com • 23 सितम्बर 2022, 4:55 अपराह्न

बिहार की भौगोलिक स्थिति के चलते राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की त्रासदी तो कई हिस्सों में सुखाड़ किसानों से लेकर ग्रामिणों तक के लिए परेशानी की वजह बनता है। इतना ही नहीं दक्षिणी बिहार के कई जिले तो ऐसे भी हैं, जहां जल की समस्या के चलते लोगों को बूंद-बूंद जल के लिए तरसना पड़ता है। ऐसे हालातों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा साल 2020 में गंगा जल आपूर्ति योजना की शुरुआत की गई थी, जिसका सफल ड्राई रन 11 मई और 15 मई को प्रारंभ किया गया था। वहीं अब इस योजना से नालंदा, नवादा, गया और राजगीर जिले के लाखों लोगों को शुद्ध पीने का जल मुहैया कराने की कड़ी में काम चल रहा है।

ganga river in rajgir

गंगा जल आपूर्ति योजना से हर घर पहुंचेगा शुद्ध जल

हर घर शुद्ध जल पहुंचाने की कवायद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जलापूर्ति योजना के जरिए 190 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाई गई है, जिसके जरिए गंगा नदी का पानी मोकामा के हाथीदह से राजगीर होते हुए गया तक लाया जाएगा। बता दे इस योजना के तहत कुल 150.58 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन के लगभग 148.3 किलोमीटर में पाइप लाइन बिछाने का काम काफी पहले पूरा कर लिया गया था।

जल संसाधन मंत्री ने साझा की जानकारी

वही अब इस मामले की ताजा स्थिति के बारे में जानकारी साझा करते हुए बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा ने बताया कि बिहार की पहली एवं अतिमहत्वकांक्षी गंगा जल आपूर्ति योजना का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने आगे बताया कि हमें खुशी हो रही है कि राजगीर में निर्मित जलाशयों में दो 2 MCM (मिलियन क्यूबिक मीटर) से अधिक गंगाजल का भंडारण हो गया है। आने वाले दिनों में इस काम को युद्ध स्तर पर करते हुए अगले महीने तक गया में भी गंगाजल का भंडारण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

ganga river in rajgir

इसके साथ ही उन्होंने जल भंडारण का एक वीडियो भी साझा किया है। मालूम हो कि सबसे पहले हाथीदह में लगे हैवी सुपर पावर मोटर के जरिए गंगा को अपलिफ्ट कर के पाइप के जरिए राजगीर के गिरियक में बने डिटेंशन टैंक में पहुंचाने का काम किया गया था। इस कड़ी में मोकामा से चले गंगा जल को सबसे पहले राजगीर में बने डिटेंशन टैंक में ही स्टोर किया जाता है।

ganga river in rajgir

86 प्रतिशत काम हुआ पूरा

बता दें ये टैंक ऐसी जगह बनाया गया है जहां से पानी की सप्लाई शहर वासियों को 8 महीने तक लगातार मिलती रहेगी। गंगा पेयजल की आपूर्ति सिर्फ बरसात के दिनों में ही नहीं, बल्कि 12 महीने के लिए की जा सकती है। बाकी 8 महीने रिजर्व से आपूर्ति की जाएगी। 4,174.81 करोड रुपए की लागत से इस योजना के जरिए अब हर घर जल पहुंचाया जाएगा। बता दे इस योजना का 86% काम पूरा हो चुका है। मालूम हो कि इसके पूरा होने का लक्ष्य जून 2022 निर्धारित किया गया था, हालांकि किन्ही कारणों से इसमें देरी हो गई है।

About the Author :

Kavita Tiwari

मीडिया के क्षेत्र में करीब 7 साल का अनुभव प्राप्त हुआ। APN न्यूज़ चैनल से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद कई अलग-अलग चैनलों में असिस्टेंट प्रोड्यूसर से लेकर रन-डाउन प्रोड्यूसर तक का सफर तय किया। वहीं फिलहाल बीते 1 साल 6 महीने से बिहार वॉइस वेबसाइट के साथ नेशनल, बिजनेस, ऑटो, स्पोर्ट्स और एंटरटेनमेंट की खबरों पर काम कर रही हूं। वेबसाइट पर दी गई खबरों के माध्यम से हमारा उद्देश्य लोगों को बदलते दौर के साथ बदलते भारत के बारे में जागरूक करना एवं देशभर में घटित हो रही घटनाओं के बारे में जानकारी देना है।