सीएम नीतीश कुमार 22 दिसंबर से करेंगे समाज सुधार यात्रा की शुरुआत, जानें किस जिले में कब है प्रोग्राम

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) बिहार के विभिन्न जिलों की यात्रा करने वाले हैं। दरअसल सीएम समाज सुधार यात्रा पर निकलने वाले हैं। इस पर अब सियासत भी शुरू हो गई है। ऐसे समय में इस यात्रा की शुरुआत की जा रही है जब बिहार में शराबबंदी को लेकर सख्त अभियान चलाए जा रहे हैं, ऐसे में विरोधियों के साथ-साथ कुछ सहयोगी भी हैं जो सरकार पर निशाना साध रहे हैं। दरअसल इस यात्रा के जरिए जमीनी स्तर पर शराबबंदी कानून कितनी सफलता से काम कर रही है, सरकार यह जानने का प्रयास करेगी। साथ ही विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्य कितने सफलता से लागू हैं, यह सच्चाई भी जान सकेगी।

नीतीश कुमार 22 दिसंबर को मोतिहारी से समाज सुधार यात्रा की शुरुआत करेंगे। 24 दिसंबर को सीएम गोपालगंज, सारण, सीवान मे होंगे जबकि 27 दिसंबर को भोजपुर, रोहतास, बक्सर, कैमूर की यात्रा करेंगे, 29 दिसंबर को सीएम मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, वैशाली, शिवहर की यात्रा पर होंगे, तो वहीं 30 दिसंबर को दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर में होंगे। 4 जनवरी को सीएम गया, जहानाबाद,अरवल, नवादा, औरंगाबाद की यात्रा पर निकलेंगे, जबकि 6 जनवरी को बेगूसराय, मुंगेर, शेखपुरा में होंगे। 8 जनवरी को जमुई, खगड़िया, लखीसराय की यात्रा करेंगे, तो वहीं 11 जनवरी को सीएम पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज में होंगे। 12 जनवरी को सीएम सहरसा, मधेपुरा, सुपौल में होंगे, जबकि 13 जनवरी को भागलपुर और बांका में होंगे। 15 जनवरी को सीएम पटना और नालंदा जिलों की यात्रा करेंगे।

लिस्ट देखिये किस दिन कहां सभा और कौन से जिले जुड़े होंगे सीएम

  1. 22 दिसंबर: मोतिहारी (पूर्वी चंपारण-पश्चिम चंपारण)
  2. 24 दिसंबर: गोपालगंज (सीवान, सारण, गोपालगंज)
  3. 27 दिसंबर: सासाराम (भोजपुर, रोहतास, बक्सर, कैमूर)
  4. 29 दिसंबर: मुजफ्फरपुर (मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, वैशाली, शिवहर)
  5. 30 दिसंबर: समस्तीपुर (दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर)
  6. 04 जनवरी: गया (गया, जहानाबाद, अरवल, नवादा, औरंगाबाद)
  7. 06 जनवरी: बेगूसराय (मुंगेर, बेगूसराय, शेखपुरा)
  8. 08 जनवरी: जमुई (जमुई, खगड़िया, लखीसराय)
  9. 11 जनवरी: पूर्णिया (पूर्णिया, कटिहार, अररिया, किशनगंज)
  10. 12 जनवरी: मधेपुरा (सहरसा, मधेपुरा, सुपौल)
  11. 13 जनवरी: भागलपुर (भागलपुर, बांका)
  12. 15 जनवरी: पटना (पटना, नालंदा)

समज सुधार यात्रा के जरिए मुख्यमंत्री प्रत्येक जिले में शराबबंदी, दहेज प्रथा, बाल विवाह से जुड़े मामले की जांच -पड़ताल करेंगे, इसके साथ ही गृह विभाग से सम्बंधित कार्य, सतत जीविकोपार्जन योजना संबंधी कार्य, हर घर जल नल योजना के कार्य, पक्की नली-गली योजना के कार्य, स्वच्छता से जुड़े कार्य से जुड़ी जानकारियां भी लेंगे। इन सबमे सबसे महत्वपूर्ण धान अधिप्राप्ति के सम्बन्ध मे नीतीश कुमार जानकारी लेंगे। गौरतलब है कि सीएम नीतीश कुमार द्वारा 16 वर्षों के शासनकाल में 12 यात्राएं की जा चुकी हैं और प्रत्येक यात्रा के बाद सीएम ने ठोस फैसले लिए हैं।

अब-तक में नीतीश कुमार की विभिन्न यात्राएं और वे कब शुरू हुई

न्याय यात्रा: 12 जुलाई 2005. विकास यात्रा: नौ जनवरी 2009. धन्यवाद यात्रा: 17 जून 2009. प्रवास यात्रा: 25 दिसंबर 2009. विश्वास यात्रा: 28 अप्रैल 2010. सेवा यात्रा: नौ नवंबर 2011. अधिकार यात्रा: 19 सितंबर 2012. संकल्प यात्रा: पांच मार्च 2014. संपर्क यात्रा: 13 नवंबर 2014. निश्चय यात्रा: नौ नवंबर 2016 . विकास कार्यों की समीक्षा यात्रा: 12 दिसंबर 2017. 3 दिसंबर 2019: जल-जीवन-हरियाली यात्रा।

Manish Kumar