बिहार आने वाली फ्लाइट में जब पायलट ने भोजपुरी मे किया यात्रियों का अभिनन्दन, लोगों ने कहा- ‘मन हरियर हो गईल’

Written by: Manish Kumar | biharivoice.com • 30 अक्टूबर 2021, 9:29 अपराह्न

दिवाली और छठ त्यौहार में अपने घर आने के लिए बाहर रहनेवाने बिहारवासी अब अपने घर लौट रहे हैं। विमानों और रेल की टिकटें भी लगभग फुल चल रही हैं। रोजाना बड़ी संख्या में यात्री अपने घर के लिए यात्रा कर रहे हैं। यात्रा और भीड़- भाड़ के इस माहौल में इंडिगो की फ्लाइट के अंदर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है और लोग इसे खूब पसंद भी कर रहे हैं। इस वीडियो में पायलट यात्रा शुरू करने से पहले माइक से भोजपुरी भाषा में यात्रियों का अभिनन्दन करते हुए नज़र आ रहे हैं।

दिवाली और छठ को लेकर बिहार आने वाले लोगों के चेहरे पर एक अलग ही खुशी देखी जा सकती है। इंडिगो की एक फ्लाइट के यात्रियों का उत्साह और बढ़ गया जब विमान के अंदर कैप्टन ने भोजपुरी भाषा में यात्रियों का स्वागत किया और भोजपुरी में ही उड़ान की जानकारी साझा करने लगे। दरअसल, रोजमर्रा के दिनों मे कैप्टन यात्रा शुरू करने से पहले जब यात्रियों का स्वागत करते हैं और टीम के सदस्यों की जानकारी यात्रियों को देते हैं, तो वह अंग्रेजी भाषा में होती है। लेकिन इस बार कुछ अलग ही हो गया।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

इस बात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और यूजर्स इसे खूब शेयर कर रहे हैं। इस वीडियो के बारे में कहा जा रहा है कि ये पटना से उड़ने वाले विमान का वीडियो है। कैप्टन को इस वीडियो में कहते हुए सुना जा सकता है कि दिवाली और छठ में भीड़ लौटने के समय अधिक होता है। कैप्टन कह रहे हैं कि बिहार में तो यूं कई भाषाएं बोली जाती है लेकिन उन्हें भोजपुरी आती है इसलिए वे भोजपुरी में यात्रियों का अभिनंदन कर रहे हैं।

किसी यात्री ने इस दृश्य को कैमरे में कैद कर लिया और देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया। लोग इसपर अब तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। बिहार के लोग इस पहल से बेहद खुश नजर आ रहे हैं और अपनी भाषा के प्रति उनका प्यार साफ झलक रहा है।

About the Author :

Manish Kumar

पिछले 5 सालों से न्यूज़ सेक्टर से जुड़ा हुआ हूँ। इस दौरान कई अलग-अलग न्यूज़ पोर्टल पर न्यूज़ लेखन का कार्य कर अनुभव प्राप्त किया। अभी पिछले कुछ साल से बिहारी वॉइस पर बिहार न्यूज़, बिजनस न्यूज़, ऑटो न्यूज़ और मनोरंजन संबंधी खबरें लिख रहा हूँ। हमेशा से मेरा उद्देश्य लोगो के बीच सटीक और सरल भाषा मे खबरें पहुचाने की रही है।