बाढ़ राहत शिविर में बेटा होने पर 10 हज़ार और बेटी होने पर 15 हजार मिलेगें, नीतीश कुमार का ऐलान

बिहार में बाढ़ की तबाही के बीच मंगलवार को सीएम नीतीश कुमार ने भागलपुर, खगड़िया और बेगूसराय के बाढ़ प्रभावित इलाकों क्षेत्रो का दौरा किया। बता दे कि बिहार मे बाढ़ का खतरा कुछ महीनो पहले से ही बढ़ा हुआ था और अब राज्य के कई हिस्से बाढ़ से त्रस्त है। बाढ़ के पानी से जहां आम जन जीवन प्रभावित हुआ है तो लोगों की संपत्तियों, खेत खलिहान और फसलो को काफी नुकसान हुआ है। इस बीच मुख्यमंत्री ने जो घोषणा की है वह बाढ़ का नुकसान झेल चुके लोगों को कुछ राहत जरूर देगी। मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए कहा है बिहार के सरकारी खजाने पर पहला हक यहां की जनता का ही है।

बाढ़ प्रभावित प्रति परिवार को 6,000 रुपये

मुख्यमंत्री ने बिहार के बाढ़ राहत शिविरों में रह रहीं गर्भवती महिलाओं को बेटा होने पर 10 हजार रुपये और बेटी होने पर 15 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। सीएम ने कहा कि सभी बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत पंहुचाने के उद्येश्य से आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार की तरफ से बाढ़ प्रभावित प्रति परिवार को 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इसके अलावा बाढ़ राहत शिविरों में रह रहे सभी लोगों के लिए आवासन, भोजन आदि का प्रबंध किया गया है, साथ ही गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रो का दौरा करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ राहत शिविर और बाढ़ से बचाव के लिए सरकार के द्वारा किए गए इंतजामों का भी जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ स्थल का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बाढ़ राहत शिविर का प्रबंधन अच्छी तरह से की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि “हवाई सर्वेक्षण के दौरान हमने देखा है कि काफी संख्या में लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं”।

अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि जरुरत के अनुसार राहत शिविरों की संख्या बढ़ाएं, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को कोई दिक्कत न हो। मुख्यमंत्री ने साल 2016 के बारे मे बताते हुए कहा कि तब भी गंगा नदी का जलस्तर बहुत बढ़ गया था, इस बार भी गंगा का जलस्तर बढ़ा हुआ है लेकिन राहत की बात यह है कि वर्ष 2016 की तुलना में यह कम है। कई जगह लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, और उनको राहत प्रदान करने के लिए सभी इंतजाम किये जा रहे हैं।

Manish Kumar

Leave a Comment