पुनपुन खतरे के निशान से ऊपर, पटना-बिहारशरीफ एनएच पर चढ़ा पानी, जाने कैसे हैं पटना के नदियों की स्थिति

पटना के दनियावां प्रखंड के अलग-अलग हिस्सों में भागों में बहने वाली लोकाइन, महतमाइन और भुतही नदी के जल स्तर में काफी वृद्धि हो गई है, जिसके बाद दनियावां-बिहारशरीफ एनएच-30ए पर होरिल बिगहा के पास तीन से चार फुट से ज्यादा पानी चढ़ गया है। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन द्वारा इस मार्ग से गाड़ियों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है।इस सड़क पर पानी के घुस जाने के बाद अब यात्रियों को अपने वाहन को लेकर मकसुदपुर और शाहजहांपुर से होकर जाना पड़ेगा। दरधा, कररूआ व महतमाइन नदी मे अचानक पानी बढ़ने से धनरूआ प्रखंड के 80% गांव पर बाढ़ का खतरा हो गया है।

दरधा और पुनपुन नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर हो गया है जिसके बाद जिले मे बाढ़ का खतरा हो गया है। सोन व गंगा नदी का जलस्तर भी जल्द ही खतरे के निशान को छूने वाला है। केदरधा नदी का पानी कोल्हाचक, सतपरसा, गुलरिया बिगहा, रूपसपुर आदि में तटबंध से ऊपर पानी बह रहा है। ज़िला प्रशासन के द्वारा सोमवार को कोल्हाचक मुसहरी के 40 पीड़ित परिवारों के बीच सामुदायिक रसोई शुरू की गई है।

अभी हालात नियंत्रण में

दरधा नदी के बांध के भी टूटने का खतरा है, जिसे बचाने के लिए इंजीनियरों और कर्मियों की टीम लगातार काम कर रही है। ओवरफ्लो वाले स्थानो पर भी बाढ़ से सुरक्षा के लिए कार्य शुरु कर दिए गए है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है. जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी द्वारा स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है।

बता दे कि गया और जहानाबाद का पानी दरधा नदी में आता है, इन जिलों में बारिश अधिक हुई है, जिसके कारण जल स्तर पहले से काफी अधिक हो गई है। फतुहा प्रखंड में भी दो बरसाती नदी माने जाने वाली भुतही व महात्माइन का जल स्तर पहले से काफी बढ़ गया है। मसाढ़ी पंचायत के दौलतपुर गांव मे नदी का पानी घुस गया है। पटना के डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने संबंधित एसडीओ, सीओ व बीडीओ सहित जल संसाधन विभाग की पूरी टीम को स्थिति पर चौकस नज़र रखने और सचेत रहने को कहा है।

गंगा का जल स्तर खतरे के निशान के बहुत नजदीक

पटना गांधी घाट पर गंगा का जल स्तर खतरे के निशान के बहुत नजदीक हो चुक है। यहां पर खतरे का निशान 48.60 मीटर है और इस गंगा नदी 48.32 मीटर के जलस्तर को छू चुकी है। दीघा घाट में भी खतरे का निशान 50.45 मीटर है, और यहाँ गंगा नदी का जलस्तर 49.26 मीटर है। फतुहा के कटैया घाट में खतरे का निशान 47.40 मीटर है और गंगा नदी यहाँ 46.60 मीटर जलस्तर के साथ बह रही है। सोन नद का मनेर में खतरे का निशान 52.00 मीटर है और यहाँ भी 50.51 मीटर के साथ बह रही है।

पुनपुन खतरे के निशान से ऊपर बह रही

पुनपुन नदी भी पटना मे खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। यहाँ खतरे का निशान 51.20 मीटर है, जबकि सोमवार सुबह यहाँ नदी का जल प्रवाह 51.48 मीटर था। 772 चेन पुनपुन में भी खतरे का निशान 51.30 है। दरधा नदी कोल्हाचक में खतरे के निशान को पार कर 55.70 मीटर और वीर में 53.16 मीटर के साथ बह रही थी।

Manish Kumar

Leave a Comment