फैसला ऑन स्पॉट ! 12 जुलाई से शुरू हो रहा बिहार मे जनता दरबार, इस दिन सीएम सुनेंगे लोगों की फरियाद

बिहार के लोगों के लिए एक अच्छी खबर यह है कि एक बार फिर से बिहार मे जनता दरबार शुरू होने जा रहा है। प्रत्येक सप्ताह सोमवार को मुख्यमंत्री जनता दरबार मे आएँगे और लोगों की फरियाद सुनेंगे। गौरतलब है कि इसमें कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। पिछले सप्ताह ही मुख्यमन्त्री नीतीश कुमार खुद 4केजी मुख्‍यमंत्री सचिवालय में बन रहे जनता दरबार के शेड का मुआयना करने पहुंचे थे। तभी से यह कहा जा रहा था कि जल्द ही जनता दरबार की शुरुआत हो सकती है। अब सूत्रों से यह खबर आई है कि 12 जुलाई से जनता दरबार लगाए जाएंगे और मुख्यमंत्री से मिलकर लोग अपनी शिकायत बता सकेंगे।

जब मुख्यमंत्री जनता दरबार का मुआयना करने सीएम सचिवालय पहुंचे जहां जनता दरबार के लिए शेड बनाया जा रहा, तो वे अचानक ही बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के पहुंचे थे, दिल्ली एम्स मे आँख का ऑपरेशन कराने के बाद वे पहली बार बाहर निकले थे। लगभग तीन महीने पहले मुख्यमंत्री ने फिर से जनता दरबार शुरू करने की बात कही थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण सबकुछ पर ब्रेक लग गया। कोरोना की रफ्तार थमते ही सरकार एक बार फिर एक्शन मोड में आ गई।

2006 मे ही पहली बार

वर्ष 2005 मे नीतीश कुमार पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। सत्ता मे आने के साल भर बाद ही यानि कि 2006 मे ही पहली बार जनता दरबार की शुरुआत की गई। राज्य के कोने- कोने से लोग अपनी फ़रियाद लेकर सीएम तक पहुंचते थे। साल 2016 तक यह सफलतापूर्वक चलता रहा। इसके बाद राज्य भर मे लोक शिकायत निवारण कानून लागू हो गया, जिसके बाद जनता दरबार लगाना बंद कर दिया गया। लेकिन एक बार फिर से यह शुरू किया जा रहा। जानकारी के मुताबिक कोविड प्रोटाेकॉल का सख्ती से पालन कराने को लेकर पूरी तैयारी की जा रही। शारीरिक दूरी, मास्‍क, सैनिटाइजर तथा अन्य एहतियातो के साथ फरियादी जनता दरबार मे आएँगे, इसे लेकर अधिकारियो की बैठक की जा रही है।

Manish Kumar

Leave a Comment