समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता का निधन (Sadhna Gupta Death) हो गया है। शनिवार दोपहर गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस लेते हुए दुनिया को अलविदा कह दिया। रिपोर्ट के मुताबिक साधना गुप्ता फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित थे और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल (Medanta Hospital) में उनका लंबे समय से इलाज चल रहा था। मुलायम सिंह यादव (Mulayam Singh Yadav) आज दोपहर ही उन्हें देखने पहुंचे थे।
साधना गुप्ता मुलायम सिंह यादव से 20 साल छोटी थी
मुलायम सिंह यादव ने अखिलेश यादव की मां मालती देवी के निधन के बाद खुद से 20 साल छोटी साधना गुप्ता से दूसरी शादी की थी। साधना गुप्ता उत्तर प्रदेश के इटावा के बिधूना तहसील की रहने वाली थी। मुलायम सिंह यादव की तरह ही साधना गुप्ता की भी यह दूसरी शादी थी। उनकी पहली शादी साल 1986 में फर्रुखाबाद के चंद्र प्रकाश गुप्ता से हुई थी। हालांकि शादी के महज 2 साल बाद ही साधना गुप्ता और चंद्रप्रकाश अलग हो गए। साधना गुप्ता और चंद्रप्रकाश का एक बेटा भी है, जिसका नाम प्रतीक यादव है।
साधना गुप्ता का निधन
साधना गुप्ता के निधन पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा- पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी की पत्नी श्रीमती साधना गुप्ता जी के निधन का दुखद समाचार मिला। प्रभु पुण्य आत्मा को अपने श्री चरणों में जगह दें… आदरणीय श्री मुलायम सिंह यादव और उनके परिजनों को यह दुख सहने की क्षमता दे ओम शांति।
इसके अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित राजनीति के कई दिग्गजों ने मुलायम सिंह यादव की पत्नी साधना गुप्ता के निधन पर दुख जाहिर करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।