बिहार में बिछाया जाएगा पुलों का जाल, 5 साल में गंगा नदी पर 18 ब्रिज बनाने की योजना

उत्‍तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा कदम उठाया है। गंगा नदी पर प्रत्येक 40 किलोमीटर की दूरी पर एक पुल का निर्माण करने की योजना बनाई जा रही है। गंगा नदी पर 18 पुलों का निर्माण किए जाने की योजना है। अगले 5 सालों में इसके निर्माण को पूरा किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस प्रोजेक्‍ट पर सफलतापुर्वक काम पूरा होने का एक फायदा यह भी होगा कि प्रदेश के उत्‍तरी और दक्षिणी हिस्‍सों में आवागमन सुचारू रूप से हो सकेगा।

गौरतलब है कि बारिश के मौसम में पूरा उत्‍तरी बिहार बाढ़ से त्रस्त रहता है, ऐसे में प्रदेश के इस हिस्‍से में आवागमन काफी मुश्किल हो जाता है। गंगा नदी पर पुल बनने से इस क्षेत्र में हर मौसम में यातायात सुविधाजनक रहेगा। राहत एवं बचाव कार्य चलाने में स्‍थानीय प्रशासन को काफी सहूलियत होगी।

पहले बिहार में 10 लेन के सिर्फ 4 पुल थे। लेकिन अब गंगा नदी पर 62 लेन के 18 पुलों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। अगले 100 सालों तक के लिए ट्रैफिक प्लान के तहत गांधी सेतु के ठीक बगल में चार लेन के एक नए पुल का निर्माण कार्य किया जा रहा है जिसे वर्ष 2024 तक पूरा किए जाने का समय निर्धारित किया गया है। गांधी सेतु के समानांतर गंगा ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा होने से पटना और हाजीपुर की कनेक्टिविटी पहले से ज्यादा बेहतर हो जाएगी। बिहार के पथ निर्माण मंत्री द्वारा खुद मौके पर जाकर निर्माण कार्य की समीक्षा की जा चुकी है।

महात्मा गांधी सेतु वर्ष 1983 में बनकर तैयार हुआ था

महात्मा गांधी सेतु पर सुपरस्ट्रक्चर बदलने का काम जारी है। पश्चिमी लेन का कार्य पूरा किया जा चुका है जबकि पूर्वी लेन का निर्माण कार्य किया जा रहा है। सरकार का मानना है कि अगले साल मार्च तक यह निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। गांधी सेतु के दोनों तरफ लेन बन जाने से जाम की समस्या नहीं होगी। मालूम हो कि उत्तर बिहार से दक्षिण बिहार को जोड़ने वाला महात्मा गांधी सेतु वर्ष 1983 में बनकर तैयार हुआ था, लेकिन पुल जर्जर हो चुका था, जिस कारण इसके पुराने स्ट्रक्चर को तोड़कर स्टील से नया सुपर स्ट्रक्चर बनाने का फैसला लिया गया।

गांधी सेतु से ठीक बगल में सिक्स लेन ब्रिज

बिहार में गंगा नदी पर 18 नए पुलों का निर्माण कार्य जारी है। गांधी सेतु से ठीक बगल में सिक्स लेन ब्रिज का भी निर्माण कराया जा रहा है। गांधी सेतु के 10 किलोमीटर डाउनस्ट्रीम में कच्ची दरगाह बिदुपुर पुल का निर्माण कार्य भी जारी है। जेपी सेतु के समानांतर नए पुल निर्माण का भी प्रस्ताव है, जिसके 10 किलोमीटर पश्चिम दिघवारा में सिक्स लेन पुल निर्माण की योजना है। बख्तियारपुर से ताजपुर फोरलेन पुल बनाया जा रहा है। राजेंद्र सेतु के समानांतर भी सिक्स लेन ब्रिज का निर्माण कार्य जारी है।

Manish Kumar