जानें कब तक पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगा पटना-बक्सर फोरलेन, छह घंटे में पहुंच सकेंगे पटना से दिल्ली

Written by: Manish Kumar | biharivoice.com • 07 दिसम्बर 2021, 11:04 पूर्वाह्न

पटना-बक्सर फोरलेन और बक्सर-हैदरिया फोरलेन सड़क निर्माण के कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने की तैयारी की जा रही है। साल 2023 तक इसे पूरा करने का समय निर्धारित किया गया है। इस सड़क के बन जाने से पटना-आरा-बक्सर-भरौली- हैदरिया होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के जरिये लखनऊ-आगरा-नोएडा और दिल्ली की यात्रा बेहद आसान हो जाएगी। इसके बाद पटना से दिल्ली की यात्रा महज छह घंटे में हो सकेगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से लोकसभा में सांसद व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने एक प्रश्न किया था जिसके उत्तर में उन्होंने कहा था कि अगले दो साल में दिल्ली से पटना छह घंटे में पहुंचा जा सकेगा।

सड़क निर्माण से आवागमन की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी और इससे ट्रांसपोर्ट की गति बढ़ेगी। इतना ही नहीं बल्कि सड़क के आसपास के इलाकों को सामाजिक और आर्थिक रूप से विकसित होने में भी सहायता मिलेगी। इसके अलावा राज्य में कृषि, वाणिज्य, पर्यटन और अन्य विकास कार्य को पंख लगेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा बक्सर से हैदरिया तक करीब 17 किमी की लंबाई में फोरलेन एनएच बनाने को लेकर स्वीकृति प्रदान की गई थी।

सड़क की डीपीआर बनाने की प्रक्रिया जारी है। डीपीआर पर केंद्र द्वारा मंजूरी मिलते ही टेंडर जारी कर दिया जाएगा। उम्मीद किया जा रहा कि नये साल की शुरुआत में सड़क निर्माण का काम शुरू हो सकेगा। उल्लेल्हनीय है कि हैदरिया में यह सड़क निर्माणाधीन पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जुड़ेगी। इसके अलावा पटना से बक्सर तक लगभग 125 किमी की लंबाई में फोरलेन एनएच का निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है।

क्या कहते हैं मंत्री

पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि पटना से बक्सर फोरलेन का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। बक्सर से हैदरिया केवल 17 किमी लंबाई में फोरलेन बनाने का भी काम किया जाना है। अगले दो वर्षों में इन सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा। इससे पटना से दिल्ली की यात्रा छह घंटे में हो सकेगी।

About the Author :

Manish Kumar

पिछले 5 सालों से न्यूज़ सेक्टर से जुड़ा हुआ हूँ। इस दौरान कई अलग-अलग न्यूज़ पोर्टल पर न्यूज़ लेखन का कार्य कर अनुभव प्राप्त किया। अभी पिछले कुछ साल से बिहारी वॉइस पर बिहार न्यूज़, बिजनस न्यूज़, ऑटो न्यूज़ और मनोरंजन संबंधी खबरें लिख रहा हूँ। हमेशा से मेरा उद्देश्य लोगो के बीच सटीक और सरल भाषा मे खबरें पहुचाने की रही है।

Related Post